ख्यातनाम गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना को मिलेगा सम्मान:चल संन्यासी... लिखने वाले पं. विश्वेश्वर की स्मृति में होगा कवि सम्मेलन
संन्यासी फिल्म का सबसे लोकप्रिय गीत 'चल संन्यासी मंदिर में' लिखने वाले पं. विश्वेश्वर शर्मा की स्मृति में उदयपुर में कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें ख्यातनाम गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना को सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान एक लाख रुपए का होगा। उदयपुर में रोटरी क्लब मेवाड़ और गीतकार पं. विश्वेश्वर शर्मा चेरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 29 दिसम्बर को टाउनहॉल में शाम 7 बजे से विराट कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। पं. विश्वेश्वर शर्मा के भतीजे राजेश पंड्या ने बताया कि पं. विश्वेश्वर शर्मा की स्मृति में प्रतिवर्ष देश के एक गीतकार को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष यह गीत सम्मान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी एवं देश के ख्यातनाम गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना को प्रदान किया जाएगा। सम्मान स्वरूप एक लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। पिछले वर्ष यह सम्मान राम मोहन त्रिपाठी को प्रदान किया गया था। उन्होंने बताया कि पं. विश्वेश्वर शर्मा ने अपने जीवन में 140 बॉलीवुड फिल्मों के लिए गाने लिखे, जिसमें 'चल सन्यासी मंदिर में...' जैसा देश की जनता के मनोमस्तिष्क पर छाया गीत भी शामिल है। अक्षय कीर्ति व्यास के निर्देशन में पं. विश्वेश्वर शर्मा ने अपनी साहित्य यात्रा प्रारम्भ की थी। उन्होंने गीतों की गहराई तक जाकर उसकी मूल भावना को देश की जनता के सामने प्रस्तुत किया। रोटरी क्लब मेवाड़ के अध्यक्ष मनीष गन्ना ने बताया कि क्लब अपने सामाजिक सेवा कार्यों के साथ-साथ साहित्य क्षेत्र में भी सेवा कार्य कर रहा है, जिसके तहत इस कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। क्लब ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज के नेफ्रोलॉजी वार्ड में रोगियों की सहायतार्थ मशीनें भेंट कर रखी हैं। इसके अलावा कुछ वार्डों को भी गोद ले रखा है। नीलाभ शर्मा ने बताया कि विश्वेश्वर शर्मा की गीत, कविता, कहानी, उपन्यास और खंडकाव्य की लगभग 15 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। राजस्थान साहित्य परिषद ने पं. विश्वेश्वर शर्मा को साहित्यकार सम्मान से विभूषित किया है। अनिल मेहता ने बताया कि कवि सम्मेलन में डॉ. विष्णु सक्सेना, भीलवाड़ा के कवि राजेंद्र गोपाल व्यास, मुंबई के सुनील व्यास, चित्तौड़ की दीपिका माही, मावली के मनोज गुर्जर और प्रतापगढ़ के शैलेंद्र शैलू कविता पाठ करेंगे। कवि सम्मेलन के सूत्रधार उदयपुर के कवि राव अजातशत्रु होंगे।