गुजरात के दो नेता उद्योगपतियों को बेच रहे देश:कांग्रेस नेता बोलीं-अमित शाह और नरेंद्र मोदी गुजरात से, अडानी-अंबानी भी गुजरात से
कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव रेहाना रियाज बुधवार को जोधपुर पहुंचीं, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पूर्व विधायक मनीषा पंवार के नेतृत्व में उनका स्वागत-अभिनंदन किया गया। जोधपुर पहुंचने पर रेहाना रियाज ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा का “कांग्रेस मुक्त भारत” का सपना कभी साकार नहीं होगा। कांग्रेस बेहद मजबूत पार्टी है और भाजपा दिन में सपना देख रही है,जो कभी पूरा नहीं होगा क्योंकि कांग्रेस हमारे डीएनए में है। यह 140 साल पुरानी पार्टी है, जिसे खत्म करने की सोच रखना ही गलत है। कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का मिल रहा मौका उन्होंने कहा कि कांग्रेस में धीरे-धीरे बदलाव होते हैं। मेरे जैसे लोग जो जमीन स्तर से उठे हैं, उनको अगर राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी ने मौका दिया है। कांग्रेस के जो कार्यकर्ता लगातार काम काम कर रहे हैं उन्हें अवसर मिलता है। तो कांग्रेस को कमजोर होने की बात ही नहीं है। राहुल गांधी जी दिन रात मेहनत करते हैं। पद यात्रा से आम आदमी की समस्याओं को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी की बात पर प्रतिक्रिया देना बेकार है, वह सत्ता के नशे में कुछ भी बोलते हैं। कांग्रेस ने इस देश को एकजुट रखने के लिए जो कुछ किया था बीजेपी उसका उल्टा कर रही है। कांग्रेस ने इस देश के लिए जो कुछ भी संजोकर रखा, बीजेपी उसे मिटा रही है। उद्योगपतियों को दिया जा रहा सबकुछ रेहाना रियाज ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह गुजरात से हैं। अंबानी और अडानी भी गुजरात से हैं। दो गुजरात के नेता, दो गुजरात के उद्योगपतियों को देश बेच रहे हैं। इससे बड़ी शर्मिंदगी क्या है? बाकी देश की जनता गौण हो चुकी है और दो लोगों के लिए पूरे देश को बेच रहे हैं और इनको सबक जनता ही सिखाएगी। जनता के हक में आम लोगों के लिए हमारे पुराने नेताओं ने जो किया है उसको बेचने का काम यह कर रहे हैं । अरावली बचाने के लिए खड़ी हुई जनता अरावली पर बोलते हुए उन्होंने कहा- पार्लियामेंट में वंदे मातरम् पर जो बहस कराई उसमें आने वाली पंक्ति “सुजलाम सुफलाम” का यदि भाजपा नेताओं को सही अर्थ पता होता, तो वे कभी ऐसे कार्य नहीं करते। धरती का श्रृंगार फूलों, फलों से, जल से और पहाड़ से है उसको नष्ट करने का जो आधुनिक दुशासन की तरह करने का काम इन्होंने जो किया है तो राजस्थान सहित जहां-जहां से अरावली गुजरती है वहां जनता खड़ी हो गई कृष्ण की तरह। ये लोग देश की जनता के लिए नहीं सोच रहे, ये अपने उद्योगपति मित्रों को अपने सोच रहे हैं देश की जनता के लिए यह नहीं सोच रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर्यावरण, संविधान और देश की मूल भावना की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। इस दौरान शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ओमकार वर्मा, पूर्व अध्यक्ष नरेश जोशी ,फिरोज खान, धनपत गुर्जर, राकेश चौधरी, महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव रूबीना खान सहित कांग्रेस महिला नेता विजयलक्ष्मी पटेल, रेखा लोहिया, मुन्नी देवी गोदारा, फरजाना चौहान, दिव्या गहलोत, दि सपना सांखला, शबनम अब्बासी, अंजुला रोपिया, अनीता कुमारी आदि मौजूद रहीं।