मौसम विभाग:मावठ मुश्किल, दूसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड
सर्दी दिसंबर की तरह जनवरी में भी सामान्य ही रहेगी। सिर्फ दूसरे सप्ताह में ही तापमान सामान्य से नीचे जाएगा। बाकी पूरे महीने उतना ही तापमान रहेगा, जितना औसत रहना चाहिए। मावठ जो हो चुकी, वही है। इसके बाद तीसरे सप्ताह में हल्का विक्षोभ आएगा। उससे तापमान में उतार-चढ़ाव हो सकता है। पहले सप्ताह में सामान्य सर्दी रहेगी। बारिश के आसार कम हैं। जो अभी बादल छाए हैं, उनका असर भी कम हो जाएगा। कोहरा एक-दो दिन रह सकता है। दूसरे सप्ताह में तापमान सामान्य से नीचे आ सकता है। दूसरे सप्ताह में रात का सामान्य तापमान 7.7 डिग्री होना चाहिए। इससे कम होने का मतलब साफ है कि पारा 5 डिग्री और उससे नीचे भी जा सकता है। यानी कड़ाके की सर्दी मकर संक्रांति के आसपास ही होगी। दूसरे सप्ताह में एक पश्चिमी विक्षोभ आएगा। उससे तापमान में उतार-चढ़ाव हो सकता है। यानी अगर बादल छाए तो रात का तापमान बढ़ सकता है। चौथे सप्ताह में भी एक विक्षोभ आएगा। मगर दोनों ही विक्षोभ से फर्क सिर्फ तापमान पर ही पड़ेगा। बारिश के आसार बहुत कम ही हैं। ऐसे में कहा जा सकता है कि मावठ के बाद पहले सप्ताह से जो सर्दी ने रिदम पकड़ा है, उसका असर दूसरे सप्ताह तक रह सकता है। हालांकि सप्ताह के अंत में तापमान में बढ़ोतरी होगी, मगर दूसरा सप्ताह शुरू होते ही वापस तापमान गिर सकता है। जनवरी में टूटते हैं सर्दी के रिकॉर्ड सर्दी को लेकर जनवरी ऐसा महीना है, जब तापमान के रिकॉर्ड टूटते हैं। इस बार वे रिकॉर्ड टूटने की संभावना कम है, क्योंकि तापमान सामान्य के आसपास रहना बताया जा रहा है। आंकड़े देखें तो बीते 10 सालों में 2017 और 2023 में तापमान शून्य तक पहुंचा था। 6 जनवरी 2023 को बीकानेर का तापमान शून्य डिग्री और 11 जनवरी 2017 को 0.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। बाकी बीते 10 सालों में एक साल भी ऐसा नहीं गया, जब पारा जनवरी में 5 डिग्री के नीचे न पहुंचा हो। न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड अब भी 26 जनवरी 1964 का है, जब तापमान माइनस 4 डिग्री पहुंचा था। लगातार तीसरे दिन नहीं निकली धूप 31 दिसंबर को दिन में बादल और कोहरे का दौर शुरू हुआ, जो 2 जनवरी को भी जारी रहा। लगातार तीसरे दिन भी धूप नहीं निकली। सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिसका असर पूरे दिन ही रहा। सुबह ज्यादा घना, मगर दिन में कोहरा पूरी तरह नहीं छंटा। इस बीच ठिठुरन जारी रही। बीती रात का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिनभर ठंडक रहने से लोगों ने अलाव और हीटर आदि का सहारा लिया। बुजुर्ग तो रजाइयों में ही दुबके रहे।