दातारेश्वर शिव-हनुमान मंदिर में पौष बड़ा महोत्सव, आरती व शांति पाठ में उमड़े भक्त
भास्कर संवाददाता | सीकर शहर के सूरजपोल गेट स्थित दातारेश्वर शिव हनुमान मंदिर में शुक्रवार को ओम नमः शिवाय मंडल ने पौषबड़ा महोत्सव मनाया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारे गूंजे। महोत्सव की शुरुआत दोपहर 1 बजे महिलाओं ने सामूहिक भजन-कीर्तन से किया। शाम 4 बजे विशेष पूजा-अर्चना के बाद बालाजी महाराज को पौषबड़ों का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को पौष बड़ा प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों ने भगवान शिव व हनुमानजी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महोत्सव का समापन आरती और शांति पाठ के साथ हुआ। इस दौरान लक्ष्मण सिंह, सत्यनारायण शर्मा, नथमल शर्मा, पं संतोष शर्मा, रामवीर सिंह, मनोहर लाल, रमेश दीक्षित और सुरेश बेदी सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। इसी तरह महादेव सिंह खंडेला फार्म हाउस स्थित बड़े पीपल वाले बालाजी मंदिर में पौषबड़ा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान 51 किलो का पौषबड़ा प्रसाद बांटा गया। संतोषी माता मंदिर में भक्तों को बांटे पौष बड़े : पौष माह में शुक्रवार को न्यू नगर परिषद के सामने संतोषी माता मंदिर मंदिर में पौष बड़ा महोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी बाबूलाल ने बताया कि माता को पौषबड़ों का भोग लगाया गया व प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर डॉ. प्रवीण, वासुदेव, मातादीन, अनिता, पुजारी सुनील कुमार, नेहा, अजय, अलकेश, संतोष देवी, ऋषिका, प्रणय आदि मौजूद थे। पौष बडा महोत्सव आज : बहड़ सर्किल स्थित बाबा गुलाबदास आत्माराम मार्केट के व्यापारियों ने पौषबड़ा महोत्सव का आयोजन 3 जनवरी को सुबह 11:15 बजे से किया जाएगा। भगवान को प्रसादी का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा। धोद रोड स्थित संकट मोचन महादेव मंदिर में 4 जनवरी को पौष बड़े का आयोजन होगा। मंदिर में भगवान को पौष बड़े व हलवे का भोग लगाकर भक्तों को वितरित किया जाएगा। जागीरसिंह चौहान ने बताया कि रविवार को दोपहर 1 बजे से प्रसाद वितरण कार्यक्रम होगा। सीकर | नानी गेट स्थित श्री जानकी वल्लभ मंदिर में शुक्रवार को जानकी महिला मंडल की ओर से पौष बड़ा महोत्सव एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मीडिया प्रभारी ज्योति तनवानी ने बताया कि महंत मधुसूदनाचार्य महाराज के सानिध्य में दोपहर 2:30 बजे से भजनों की प्रस्तुति शुरू हुई। युवाचार्य पंडित निलेश शर्मा, पंडित रोहित शास्त्री व पंडित वृषभ पाराशर ने आरती कर भगवान को पौषबड़ों का भोग लगाया। बड़ी संख्या में मातृशक्ति व श्रद्धालु मौजूद थे।