मावठ के बाद घना कोहरा; दिन का पारा 10.8 डिग्री गिरा, फसलों को जीवनदान
भास्कर संवाददाता | चूरू नए साल में पश्चिमी विक्षोभ जिले के किसानों के अच्छी उम्मीद लेकर आया है। साल के अंतिम दिन हुई बारिश ने रबी की फसल में जान फूंक दी है। चूरू सहित जिले में हल्की से तेज बारिश हुई। मावठ के बाद दूसरे दिन घना कोहरा एवं शीतलहर से करीब 3 लाख हैक्टेयर में चने की चमक बढ़ेगी। कोहरे की दृश्यता 100 मीटर से कम रही। बुधवार रात करीब 8 बजे तेज गर्जन के साथ जिले में हल्की से तेज बारिश शुरू हो गई। चूरू के अलावा सरदारशहर, रतनगढ़, बीदासर, सालासर, तारानगर सहित कई इलाकों में हल्की से तेज बारिश हुई। सर्वाधिक 18.9 एमएम बारिश चूरू में दर्ज की गई। इसके अलावा सरदारशहर 14, राजगढ़ में 8, राजलदेसर में 7, रतनगढ़, बीदासर, तारानगर व सिद्धमुख 3-3 एमएम व भानीपुरा में एक एमएम बारिश हुई। बारिश के बाद सुबह घना कोहरा छाया रहा। बाहरी इलाकों में इसका असर सुबह 11 बजे तक रहा। गुरुवार दिन का तापमान 15.3 डिग्री रहा, जो 6 साल में सबसे कम दिन का तापमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री रहा। गुरुवार को अधिकतम 15.3 एवं न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री रहा, जबकि बुधवार को अधिकतम 26.1 व न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री था। कृषि विभाग के सहायक निदेशक कुलदीप शर्मा का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद जिले में हुई मावठ से रबी की 5.90 लाख हैक्टेयर में बुवाई वाली सभी फसलों को फायदा होगा। मावठ से सबसे ज्यादा फायदा बारानी चने को होगा। चने की बुवाई 3 लाख हैक्टेयर क्षेत्रफल में हुई है। सबसे ज्यादा बुवाई का एरिया राजगढ़, तारानगर, सिद्धमुख है। चूरू में भी चने की बुवाई हुई है। मावठ से चने के अलावा 50 हजार हैक्टेयर में बोई गई गेहूं की फसल को फायदा होगा। अगले तीन दिनों तक मौसम केंद्र ने जिले में घना कोहरा एवं शीतलहर का अलर्ट जारी कर रखा है। ऐसे में कोहरा एवं नमी गेहूं की जड़ों को मजबूत करेगा, जिससे नमी के अभाव में गेहूं में आया पीलापन कम होगा। गेहूं की बुवाई चूरू, सरदारशहर व बीदासर में ज्यादा है। मावठ से 10 हजार हैक्टेयर में बुवाई की गई जौ की फसल की बढ़वार सहयोगी बनेगा। अधिकतम व न्यूनतम पारे में सिर्फ 3.5 डिग्री का अंतर : जिले में 6 साल में एक जनवरी को पहली बार अधिकतम तापमान सबसे कम रहा। दिन में एक बार भी धूप नहीं निकली। सर्द हवा चलती रही। दिन-रात के तापमान में मात्र 3.5 डिग्री का अंतर रहा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह की आर्द्रता 100 एवं शाम की जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ से चूरू में बारिश हुई। अब अगले 3 दिन तक जिले में घना कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान में भी 3-4 डिग्री गिरावट की संभावना है। 4 से 6 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री रहने व शीतलहर की संभावना है। साल दिन का पारा 2026 15.3 डिग्री 2025 16.6 2024 18.0 2023 22.4 2022 22.0 2021 18.7 (1 जनवरी का तापमान)