सवाई माधोपुर में सिंगर कैलाश खेर करेंगे परफॉर्म:बाघ और अमरूद महोत्सव 17 जनवरी से; कलेक्टर बोले- मेगा म्यूजिकल नाइट होगी
सवाई माधोपुर का 263वां स्थापना दिवस 17 से 19 जनवरी 2026 तक बाघ महोत्सव और अमरूद महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। 3 दिनों तक चलने वाले कार्यक्रमों में जिले की संस्कृति, पर्यटन, पर्यावरण और कृषि को व्यापक मंच मिलेगा। इस संबंध में शुक्रवार को जिला कलेक्टर काना राम ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान जिला कलेक्टर काना राम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार राकेश कुमार अटल, उप निदेशक कृषि आत्मा अमर सिंह, उप निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह और सहायक जनसंपर्क अधिकारी सुरेन्द्र कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारियों ने अमरूद महोत्सव के पोस्टर का विमोचन किया। 3 दिन विरासत, पर्यटन और जनसहभागिता पर होगी चर्चा जिला कलेक्टर काना राम ने बताया कि 17 से 19 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रमों के माध्यम से सवाई माधोपुर की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, खेल, पर्यावरण चेतना, कृषि नवाचार और जनसहभागिता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। उत्सव के जरिए जिलेवासियों के साथ देसी और विदेशी पर्यटकों को सवाई माधोपुर की कला, संस्कृति और गौरव से परिचित कराया जाएगा। पहले दिन की शुरुआत त्रिनेत्र गणेश जी की आरती से उत्सव के पहले दिन 17 जनवरी को सुबह 9 बजे रणथम्भौर दुर्ग में त्रिनेत्र गणेश भगवान की महाआरती होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे दशहरा मैदान में फोटोग्राफी प्रदर्शनी और लाइव आर्ट कैंप आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12 बजे गणेशधाम अटल सेवा केंद्र खिलचीपुर में परम्परागत खेल और कठपुतली शो होगा। शाम 5 बजे रामेश्वर घाट खण्डार में दीपदान किया जाएगा। दूसरे दिन अमरूद महोत्सव और खेल गतिविधियां 18 जनवरी को सुबह 8 बजे लवकुश वाटिका चौथ का बरवाड़ा में नेचर वॉक होगी। सुबह 10 बजे पुलिस लाइन में फुटबॉल मैच और सुबह 11 बजे दशहरा मैदान में अमरूद महोत्सव आयोजित किया जाएगा। दोपहर 2 बजे दशहरा मैदान में कन्हैया एवं पद दंगल होगा। शाम 7 बजे दशहरा मैदान में राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। तीसरे दिन शोभायात्रा और मेगा म्यूजिकल नाइट उत्सव के तीसरे दिन 19 जनवरी को सुबह 9 बजे नगर परिषद परिसर में सवाई माधोसिंह प्रथम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। सुबह 10 बजे सवाई माधोपुर शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 2 बजे दशहरा मैदान और समस्त निजी व राजकीय विद्यालयों में सवाई माधोपुर को जानो प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। शाम 6 बजे दशहरा मैदान में मेगा म्यूजिकल नाइट आयोजित की जाएगी, जिसमें बॉलीवुड सिंगर कैलाश खैर प्रस्तुति देंगे।