पारे पर यकीं नहीं हुआ...सिहरन गलन ऐसी थी जैसे 3-4 डिग्री हो
भास्कर न्यूज | पाली शुक्रवार सुबह पाली घने कोहरे में ढका रहा। 80 मीटर से आगे कुछ दिखाई नहीं दिया। सुबह 7 से 10 बजे तक शहर पर कोहरे की मोटी परत जमी रही। धूप देर से निकली और राहत नहीं दे सकी। हवा के साथ ठंड और गलन बढ़ती चली गई। न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज हुआ। नमी और उत्तरी हवाओं के कारण शरीर को ठंड 3 से 4 डिग्री जैसी महसूस हुई। मौसम वैज्ञानिक इसे विंड चिल प्रभाव बता रहे हैं। बारिश के बाद बढ़ी आर्द्रता ने शरीर की ऊष्मा तेजी से बाहर खींची। दिन का तापमान गिरा तो सर्दी और सख्त हो गई। अधिकतम तापमान 23.3 से गिरकर 20.1 डिग्री रह गया। दो दिन में दिन का पारा करीब 6 डिग्री नीचे आया। इससे धरती दिन में गर्म नहीं हो पाई और रात में ठंड और बढ़ गई। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर सिर्फ 10.6 डिग्री रह गया। आमतौर पर यह अंतर 15 डिग्री से ज्यादा रहता है। इसका मतलब है कि सर्दी पूरे दिन शहर पर हावी रही। मौसम विभाग के अनुसार, कोहरा एक से दो दिन और रहेगा। उत्तरी हवाओं के चलते रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट संभव है। दिन के तापमान में गिरावट से गलन और बढ़ेगी। {ठंड ने दस्तक दी 31 दिसंबर : 26/9.6 डिग्री {ठंड ने पैर जमाए 1 जनवरी : 23.3/14.5 डिग्री {ठंड ने झकड़ लिया 2 जनवरी : 20.1/9.5 प्रो. ओमप्रकाश सिंह, स. प्रोफेसर भूगोल विभाग, जेएनवीयू आगे क्या : कोहरा 2 दिन रहेगा, शीतलहर चलेगी मौसम विभाग निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार दिन के तापमान में गिरावट होती है (दो दिन में 6 डिग्री गिरा) तो गलन बढ़ती है। बादल और बारिश के कारण जैसे ही दिन के पारे में गिरावट आती है तो रात और दिन में सर्दी और गलन बढ़ती है। साथ ही सर्दी बढ़ जाती है। कोहरा भी रहता है। कोहरा एक से दो दिन रहेगा। उत्तरी हवाओं के प्रभाव के कारण पारे से रात का एक से दो डिग्री गिरेगा। गेहूं, सरसों और चना जैसी फसलों को ठंड पसंद होती है। मावठ के बाद खेतों में नमी बनी हुई है, इससे फसल की बढ़वार अच्छी होती है। दिन का तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने से फसल में हरियाली बढ़ती है। मावठ के बाद ठंड बढ़ने के ये 3 बड़े कारण हैं पहला : बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ गई है। यह नमी शरीर की गर्मी जल्दी खींच लेती है। इसलिए तापमान ज्यादा नीचे न होने पर भी ठंड ज्यादा लग रही है। दूसरा : उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चल रही हैं। ये हवाएं शरीर से गर्मी तेजी से बाहर निकालती हैं। इसी वजह से असली तापमान से ज्यादा सर्दी महसूस हो रही है। तीसरा : आसमान में बादल छाए हुए हैं। दिन में धूप कम मिल रही है। इससे दिन का तापमान नीचे आ गया है और गलन बनी हुई है। नमी, ठंडी हवा और बादल, तीनों ने बढ़ाई ठंड रानी | रानी में लगातार दूसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। सुबह विजिबिलिटी न के बराबर रही। किसान इस मौसम को फसलों के लिए अच्छा मान रहे हैं।