अजमेर में सर्द हवा ने बढ़ाई ठंड:3.8 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान, हाईवे पर कोहरा छाने से वाहनों की लाइट जलानी पड़ी
अजमेर में सर्द हवाओं के साथ ठंड बढ़ गई है। यहां सुबह और शाम को ठंडी हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। सर्दी इस कदर बढ़ी है कि एक दिन के अंदर न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस गिर गया है। आज सुबह 9 बजे तक हाईवे पर कोहरा छाया हुआ था, जिससे ट्रैफिक भी कम रहा। नए साल की शुरुआत से ही तेज सर्दी व गलन भरी ठंड से हुई है। सुबह व रात में हल्के से मध्यम कोहरे का दौर लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जो 20.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री गिरकर 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर में सुबह से ठंडी हवाओं के साथ ही धुंध छाई हुई है। धुंध के चलते पहाड़ियां धुंध से नहीं दिख रही है। शहर के अधिकांश इलाकों में धुंध का असर रहा। जयपुर, ब्यावर, नसीराबाद नेशनल हाइवे पर कोहरा है। यहां पर हाइवे पर सुबह वाहनों की संख्या भी कोहरे की वजह से कम थी। हाईवे पर सुबह 9 बजे तक भी यहां गाड़ियां लाइट जलाकर गुजरती हुई दिखी। सुबह साढे़ 10 बजे बाद हल्की धूप निकली। तब ठंड से कुछ राहत मिली। अगले सप्ताह गिर सकता है तापमान मौसम विभाग के अनुसार-आने वाले दूसरे सप्ताह में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनेगी। इससे तापमान में आगे 2 से 3 डिग्री की और गिरावट आ सकती है। साथ ही 3 से 4 दिनों तक शीतलहर चलने के आसार हैं। ठंडी उत्तरी हवाएं तेज होंगी और कोहरा रहेगा। यह स्थिति मकर संक्रांति तक बनी रह सकती है। हालांकि, तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम सामान्य हो जाएगा। मालूम हो कि जनवरी माह का सामान्य न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री और अधिकतम 23.9 डिग्री है। जनवरी में मावठ : 2022 में हो चुकी है 60.4 एमएम बारिश 2016, 2018, 2020 और 2024 में जनवरी में मावठ दर्ज नहीं की गई। 2017 में 24.5 एमएम, 2019 में 9.5 एमएम, 2021 में 27.4 एमएम, 2022 में सर्वाधिक 60.4 एमएम, 2023 में 49.4 एमएम और 2025 में 3.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई थी। वहीं 2026 में जनवरी के तीन दिन निकले हैं, अब तक 6.1 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है। जनवरी के दूसरे सप्ताह में भी बारिश के आसार हैं। 1 से 2 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं। 10 साल में दिन-रात का तापमान ऑल टाइम रिकॉर्ड : माइनस 2.8 डिग्री भी रहा है पारा अजमेर में मौसम ने कई बार चौंकाने वाले रिकॉर्ड बनाए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 16 जनवरी 1935 को रात का न्यूनतम तापमान माइनस 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उस समय शहर में लेह-लद्दाख जैसी कड़ाके की सर्दी महसूस की गई और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। वहीं 4 जनवरी 1979 को जनवरी माह में दिन का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो अब तक का रिकॉर्ड है। इसके अलावा जनवरी में सर्वाधिक मावठ 20 जनवरी 1948 को एक ही दिन में 46.5 मिमी दर्ज की गई थी, जिससे ठंड और बढ़ गई थी।