महिलाओं के सामने पीटा तो तलवार से काट डाला:सोशल मीडिया पर कमेंट को लेकर हुआ था विवाद, 6 भाइयों ने मिलकर हत्या की
राजसमंद में युवक की तलवार से काटकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। युवक की हत्या 6 चचेरे भाइयों ने मिलकर की थी। सोशल मीडिया पर किए कमेंट को लेकर विवाद हुआ था। जिस युवक की हत्या की गई, उसने दो भाइयों को अस्थि विसर्जन कर लौटते समय घर की महिलाओं के सामने पीटा था। ऐसे में वे बदला लेना चाहते थे। खमनौर थानाधिकारी नरेंद्र सिंह भाटी ने बताया- हिम्मत सिंह (29) की हत्या के मामले में 6 चचेरे भाइयों ने केलवाड़ा थाने में सरेंडर किया था। हमेर सिंह (32), नाथू सिंह (35), हिम्मत सिंह, कालू सिंह (26), किशन सिंह (27) और प्रकाश सिंह थाने आए थे। इसके बाद खमनौर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 1 किमी तक पीछा किया था हिम्मत सिंह मंगलवार को बनोकडा से अपने 2 साथियों के साथ गांवगुडा चमत्कार चौराहे पर पहुंचा था। यहां पहुंचने से 1 किमी पहले एक गुजरात नंबर (GJ 16 CB 4082) की गाड़ी उनके पीछे लग गई थी। जैसे ही चमत्कार चौराहे पर हिम्मत सिंह उतरा, उसे कालू, हमेर, हिम्मत, किशन, नाथू और प्रेम ने घेर लिया। स्कॉर्पियो में रखी तलवार से हमला कर दिया। करीब 3 मिनट तक हिम्मत सिंह पर वार करते रहे। इसके बाद हिम्मत सिंह को छोड़कर फरार हो गए। उसे स्थानीय लोगों और साथियों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घर की महिलाओं के सामने पीटा था थाना इंचार्ज ने बताया- पूछताछ में सामने आया कि 4 दिसंबर को हमेर सिंह और कालू सिंह पुष्कर से राजसमंद लौट रहे थे। इस दौरान उनका परिवार भी साथ था, इसमें महिलाएं भी थीं। हिम्मत सिंह दोनों से सोशल मीडिया पर किए कमेंट को लेकर नाराज चल रहा था। ऐसे में राजसमंद से पहले बग्गड़ टोल पर हिम्मत ने उन्हें रुकवा लिया। सोशल मीडिया पर कमेंट को लेकर दोनों के साथ परिवार के सामने ही मारपीट कर दी। इस बात से दोनों आहत थे। दोनों पक्षों के बीच होटल विवाद भी चल रहा थाना इंचार्ज भाटी ने बताया कि इसके साथ ही हिम्मत सिंह का हमेर सिंह और कालू से अहमदाबाद में होटल को लेकर भी विवाद चल रहा है। ऐसे में, दोनों पक्ष आमने-सामने होते रहे थे। 4 दिसंबर को हुई घटना के बाद दोनों ने अपने चचेरे भाइयों को अहमदाबाद से बुलाया था और घटना को अंजाम दिया। देखिए आरोपियों की तस्वीर… ......... हत्या की ये खबर भी पढ़ें… दिनदहाड़े चौराहे पर तलवार से काटकर युवक की हत्या;VIDEO:स्कॉर्पियो में आए थे 6 बदमाश, दोस्त के पिता को बोले-तेरे बेटे को भी निपटा देंगे राजसमंद में दिनदहाड़े युवक की तलवार से काटकर हत्या कर दी। युवक अपने दोस्त के साथ बोलेरो से आकर चौराहे पर रुका। उसके पीछे स्कॉर्पियो में 6 हमलावर आए। वे गाड़ी से उतरे और वहां खड़े युवक के सिर और पैर पर तलवारों से ताबड़तोड़ वार किए। (पढ़ें पूरी खबर)







