BJP-राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह बोले-नरेगा में गड्ढे खोदे और भरे:कहा- अब जी-राम-जी में स्कूल-बांध-डिस्पेंसरी बनेंगे, जेसीबी से पुष्प वर्षा कर हुआ सम्मान, 151 किलो की माला पहनाई
सीकर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा- नरेगा के समय कांग्रेस राज में गड्ढे खोदने और गड्ढे भरने का काम ही किया जाता था। वहीं 'जी-राम-जी' के तहत नए तालाब, स्कूल, बांध, डिस्पेंसरी आदि बनेंगे। इससे गांवों का सर्वांगीण विकास होगा। सीकर के भाजपा कार्यालय में रविवार को आयोजित कार्यशाला में BJP के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने संबोधित किया। वहीं उन्होंने खाटूश्याम बाबा के धोक भी लगाई। सीकर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह का स्वागत किया। इस दौरान उनका जेसीबी से पुष्प वर्षा करते हुए सम्मान किया गया। वहीं उन्हें 151 किलो की माला भी पहनाई गई। कार्यशाला के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा- राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं का नेतृत्व फेल और असफल साबित हो चुका है। केंद्र सरकार और राजस्थान सरकार जनहितैषी काम कर रही है, इसलिए जनता हमारे साथ जुड़ी है। उन्होंने कहा- कांग्रेस नकारात्मक राजनीति करके देश को तोड़ने का काम कर रही है, इसलिए अब कांग्रेस का भविष्य समाप्त है। कहा- कांग्रेस खोखला आंदोलन कर रही भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा- नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा आज लगातार आगे बढ़ रही है। वहीं कांग्रेस पार्टी भ्रम और नकारात्मकता की राजनीति कर रही है। कांग्रेस का भ्रम फैलाने की कोशिश लगातार फेल रही है। कांग्रेस खोखला आंदोलन कर रही है। कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी। वह मुद्दा विहीन पार्टी बन चुकी है। इस दौरान अरुण सिंह ने कार्यकर्ताओं को S.I.R., जी-राम-जी, संगठन सशक्तिकरण पखवाड़े और अटल स्मृति वर्ष के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा- राजस्थान के मुख्यमंत्री केंद्र के नेताओं से बातचीत करके मंत्रीमंडल विस्तार पर जवाब देंगे। मजदूरों को 100 दिन की बजाय 125 दिन काम मिलेगा, खाते में जाएगा सीधे पैसा अरुण सिंह ने कहा- कोई कुछ भी कहे जनता जानती है कि मनरेगा का 'जी-राम-जी' में नाम बदलना ग्रामीणों के हित में है। अब मजदूरों को 100 दिन की बजाय 125 दिन काम मिलेगा। इस तरह केंद्र सरकार ने 25 प्रतिशत काम के दिन बढ़ा दिए हैं। साथ ही मजदूरों को काम देने में विलंब होगा तो जिम्मेदार पर पैनल्टी लगेगी। जी-राम-जी के मजदूरों का पेमेंट सीधा उनके संबंधित बैंक खाते में जाएगा। सिंह ने कहा- 'जी-राम-जी' से महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज का सपना साकार होगा, लेकिन कांग्रेस इसे लेकर देशभर में नेगेटिव भ्रम का माहौल बना रही है। कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ के लिए महात्मा गांधी के नाम का इस्तेमाल किया। कई जगह ये हालत ये थी कि मनरेगा के नाम पर एक सड़क को कई बार बना दिया गया। मनरेगा में 3 महीने तक महिलाएं शहरों में काम करके गांव से नरेगा मजदूरी उठाती थी। अब जो पैसा खर्च हो रहा है, उसके तहत बजट आवंटन बढ़ाया गया है।