जयपुर BJP की कार्यकारिणी में विधायकों की चली:39 सदस्य की टीम में 10 महिलाओं को जिम्मेदारी, 5 महीने पहले वायरल लिस्ट से 31 नाम
जयपुर शहर भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने अपनी कार्यकारिणी घोषित कर दी है। गुरुवार देर रात जारी आदेश के अनुसार कुल 38 नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें 10 महिला हैं। इसके बाद शुक्रवार को एक और पदाधिकारी के नाम की घोषणा की गई। इस कार्यकारिणी में 31 नाम वही हैं, जो नेताओं की सिफारिशों वाली पांच महीने पहले वायरल हुई लिस्ट में सामने आए थे। इससे एक बार फिर यह कार्यकारिणी सियासी चर्चा में आ गई है। नई कार्यकारिणी में 7 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 7 मंत्री, एक कार्यालय मंत्री और 2 सह कार्यालय मंत्री बनाए गए हैं। शहरी राजनीति में मीडिया मैनेजमेंट और पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने के लिए 7 प्रवक्ताओं की भी नियुक्ति की गई है। बड़े नेताओं के करीबी चेहरों को प्राथमिकता लंबे इंतजार, अंदरूनी खींचतान और लगातार चल रही सिफारिशों के बाद घोषित कार्यकारिणी में स्थानीय विधायकों, सांसदों और प्रभावशाली नेताओं के करीबी चेहरों को प्रमुखता दी गई है। कुछ ऐसे नाम भी हैं, जिनका संगठनात्मक और जमीनी योगदान सीमित माना जा रहा है। यही वजह है कि सूची सामने आने के बाद पार्टी के भीतर ही कई कार्यकर्ताओं में नाराजगी और असंतोष की चर्चा शुरू हो गई है। 10 महिलाओं को दी जिम्मेदारी बीजेपी शहर कार्यकारिणी में पहली बार पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम 'मन की बात' के नाम से अलग प्रकोष्ठ बनाया गया है। कार्यकारिणी में महिला प्रतिनिधित्व पर भी ध्यान दिया गया है। कुल 10 महिलाओं को विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी दी गई है। कुल मिलाकर बीजेपी जयपुर शहर की नई कार्यकारिणी पार्टी के भीतर असंतोष की नई लकीरें भी खींचती नजर आ रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह टीम जमीनी कार्यकर्ताओं को कितना साथ लेकर चल पाती है। वायरल लिस्ट से 31 नाम शामिल जयपुर शहर बीजेपी की नई कार्यकारिणी में उन 31 चेहरों को मौका दिया गया है, जो पिछले साल 1 अगस्त 2025 को जारी हुई विवादित कार्यकारिणी का हिस्सा थे। इसमें नेताओं की सिफारिश को आधार बनाकर पदाधिकारी नियुक्त किया गया था। इनमें ब्रह्मा कुमार सैनी, राजेश तांबी, अजय यादव, शैलेंद्र शर्मा, सुरेंद्र पुरुवंशी, सुरेश गुर्जर, नवरत्न नराणिया, रेखा राठौड़, हिरेन मिश्रा, कृष्ण मुरारी पारीक, जीआर मीणा, अंजना सेन, निर्मल शर्मा, दुर्गा कटारिया, प्रिया ज्ञानानी, रश्मि सैनी, नीलू शर्मा (जांगिड़), क्षमा अग्रवाल, मनदीप सिंह हुडील, महेंद्र यादव, निर्मल सैनी, विजय शर्मा, युवराज सिंह, राजेश गौतम, जूही केडिया, मनीष शर्मा, राज सिंह राठौड़, भारती खंडेलवाल, प्रेम जैन, भवानी शर्मा, विजय शर्मा (काका) शामिल हैं। इनमें से कुछ नेताओं के पद में फेरबदल किया है। वायरल लिस्ट में से केवल अनुभव शर्मा, महेंद्र सिंह और डिंपल परनामी के नाम ही नई कार्यकारिणी में नहीं हैं। 5 महीने सोशल मीडिया पर डाली थी 34 नाम की लिस्ट बीजेपी जयपुर शहर अध्यक्ष अमित शर्मा ने पिछले साल अगस्त में 34 सदस्य की कार्यकारिणी की लिस्ट सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। 34 नेताओं में से 22 को सिफारिश के आधार पर जगह दी गई थी। केवल 8 लोग ऐसे थे, जिनके आगे लिखा था कि उन्हें कार्य के आधार पर कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। चार लोगों के आगे किसी भी तरह की कोई जानकारी नहीं लिखी गई थी। लेकिन विवाद के बाद इस कार्यकारिणी को वापस ले लिया गया था। ........ ये खबर भी पढ़िए... जयपुर BJP की कार्यकारिणी में 22 सिफारिशी नेता:अध्यक्ष ने लिस्ट डिलीट कर लिखा- वैध नहीं, जिन्हें पद उनके आगे सीएम, डिप्टी सीएम का जिक्र जयपुर शहर बीजेपी जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने शुक्रवार सुबह अपनी कार्यकारिणी घोषित कर दी। लेकिन विरोध बढ़ता देख कुछ ही मिनटों में पोस्ट को डिलीट कर दिया। (पढ़िए पूरी खबर)