भाजपा नेता बोले- MLA भाटी की तीन पीढ़ियां कांग्रेसी:कहा- बीजेपी जॉइन कर दुपट्टा हाईवे पर झाड़ियों में फेंका, 5 दिन का खेल था
शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी और भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा के बीच लगातार बयानबाजी का दौर चल रहा है। अब खारा ने शिव विधायक के परिवार को कांग्रेसी बताते हुए ये भी कहा कि उन्होंने भाजपा का दुपट्टा पहनने के बाद उसे झाड़ियों में फेंक दिया था। दरअसल, स्वरूप सिंह खारा गुरुवार को स्थानीय लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। यहां वे राष्ट्रपति अवॉर्ड को लेकर प्रशासन के अधिकारियों को धन्यवाद देने आए थे। इस दौरान उन्होंने शिव विधायक भाटी के साथ सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा- ये प्रशासन के कामों में रोड़ा डालने का काम कर रहे हैं। भाटी को लेकर बोले- पांच दिन का खेल था, पूरा परिवार कांग्रेसी कलेक्ट्रेट पर जब मीडिया ने स्वरूप सिंह खारा से पूछा कि शिव विधायक आपकी पार्टी के समर्थित है तो वे बोले- पार्टी में जाकर जयपुर में पूछ लो...समर्थित है या नहीं। उनका पूरा परिवार कांग्रेसी है। तीन पीढ़ियां कांग्रेसी हैं। उनके दादा कांग्रेस से प्रधान रहे, चाचा कांग्रेस से डेलीगेट रहे। ये भाजपा के कहां के हो गए। पूरे इलाके में पता कीजिए। आजादी से लेकर आज दिन तक भाजपा में नहीं रहे। तो ये क्यों रहेंगे। भाजपा जॉइन के सवाल पर वे बोले- केवल पांच दिन के लिए जॉइन की थी। दुपट्टा गुड़गांव के हाईवे पर बबूल की झाड़ियों में डाल दिया था। वो केवल पांच दिन का ही खेल था। विधायक के साथ सांसद पर साधा निशाना बातचीत के दौरान खारा ने भाटी और सांसद बेनीवाल पर निशाना साधते हुए कहा- इनका सरकार के हर काम में अडंगा डालना। सरकार के काम की सराहना नहीं करके, उनको क्रेडिट नहीं देना रहा है। सीएम भजनलाल शर्मा ने पांच साल के 70 प्रतिशत काम दो साल में कर दिए है। यह अपने आप में बड़ा इतिहास बना है। यह सारे काम प्रशासन के माध्यम से हो रहे है। जिले में प्रशासनिक अधिकारी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, तो उन कामों की सराहना करनी चाहिए। काम सरकार करवा रही है। इनका का रोड़े डालना है। जिनको जनता की कोई चिंता नहीं है। जनता के प्रति संवेदना नहीं है। सरकार के कामों की आलोचना करना मात्र ही काम है। इनके बयानों का कोई मतलब नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने सड़क को लेकर ग्रामीणों और ठेकेदार के बीच हुए विवाद पर कहा- सड़क आम लोगों के लिए होती है और सरकारें बनाती हैं। वर्तमान में भाजपा की सरकार है तो काम करवा रही है। लेकिन काम क्वालिटी वाले होने चाहिए। क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए। जिस ठेकेदार ने विधायक (रविंद्र सिंह भाटी) का नाम लेकर धमकाने के साथ-साथ प्रतिष्ठित बुजुर्ग अमर्यादित भाषा से उनको धमकाया, हम सब उसकी निंदा करते है।