SP बोले-फायरिंग करने वालों को जवाब दिया जाएगा:2025 में अपराधों में 22.67% की गिरावट, 85 पुलिसकर्मी सम्मानित
भीलवाड़ा जिले में बढ़ते अपराधों पर सख्ती दिखाते हुए एसपी यादव ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस फायरिंग को लेकर पूरी तरह स्पष्ट है। अगर अपराधी फायरिंग करेंगे तो पुलिस भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले साल जहां-जहां फायरिंग की घटनाएं हुईं, वहां पुलिस ने कानून की परिधि में रहते हुए कार्रवाई की है। कई अपराधी जवाबी फायरिंग में घायल भी हुए हैं। एसपी यादव ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि संगठित अपराध या किसी भी तरह का अपराध भीलवाड़ा में छोड़ दें और सही रास्ते पर लौट आएं। अगर कोई कानून हाथ में लेगा तो पुलिस भी सख्ती से जवाब देगी। 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 84 पुलिसकर्मी सम्मानित रविवार को आयोजित अपराध गोष्ठी के दौरान एसपी यादव ने वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य और बेहतर पुलिसिंग करने वाले 85 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण से जिले में अपराध नियंत्रण संभव हो पाया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025 में पुलिस की प्रभावी रणनीति और निरंतर कार्रवाई के चलते गंभीर अपराधों में 22.67 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। साथ ही संगठित अपराध, अवैध खनन, मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई कई गुना बढ़ी है। 2024 के मुकाबले 2025 में अपराधों में गिरावट पत्रकार वार्ता में एसपी यादव ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2024 में आईपीसी और बीएनएस के कुल 7390 प्रकरण दर्ज हुए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 5715 रह गई। इस तरह 1675 प्रकरण कम दर्ज हुए, जो करीब 22.67 प्रतिशत की गिरावट दर्शाता है। स्थानीय एवं विशेष अधिनियमों के तहत वर्ष 2024 में 2487 प्रकरण दर्ज हुए थे, जबकि 2025 में यह बढ़कर 2867 हो गए। इसमें 380 प्रकरण यानी 15.28 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो पुलिस की सक्रिय कार्रवाई को दर्शाता है। वहीं वर्ष 2024 में दर्ज 313 गंभीर मामलों की तुलना में 2025 में 260 प्रकरण सामने आए, यानी 53 मामलों (16.93%) की कमी दर्ज की गई। एनएच-48 पर ड्राइव लेन सिस्टम से हादसों में कमी एसपी यादव ने बताया कि वर्ष 2024 में जिले में 984 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 792 रह गई। इस तरह 192 दुर्घटनाओं में कमी आई, जो करीब 24.24 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि एनएच-48 पर ड्राइव लेन सिस्टम लागू किया गया है। साथ ही जिले में 14 ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर एनएचएआई के सहयोग से सुधारात्मक कार्य कराए गए, जिससे हादसों में उल्लेखनीय कमी आई है। अवैध हथियार और शराब पर ताबड़तोड़ कार्रवाई वर्ष 2025 में पुलिस ने अवैध हथियारों के 127 प्रकरणों में कार्रवाई कर 19 पिस्टल, 3 देसी कट्टे, 42 कारतूस, 10 बंदूक, 29 तलवार, 17 चाकू, कटार, फरसा और गुप्ती सहित कुल 136 हथियार जब्त किए। अवैध शराब के खिलाफ अभियान में 652 प्रकरण दर्ज कर 621 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपए मूल्य की शराब जब्त की। इसके अलावा 9,745 लीटर शराब नष्ट की गई और 10 बड़े वाहन व एक मोटरसाइकिल जब्त की गई, जिनकी अनुमानित कीमत 1.17 करोड़ रुपए है। मादक पदार्थ तस्करी और अवैध खनन पर बड़ा एक्शन वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 167 प्रकरणों में 223 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 19 किलो अफीम, 11,965 किलो डोडा-चूरा, 2,209 किलो गांजा, एमडीएमए, स्मैक और चरस समेत कुल 37.88 करोड़ रुपए मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया। इसके साथ ही 98 वाहन जब्त किए गए, जिनकी कीमत 6.57 करोड़ रुपए है। एनडीपीएस मामलों में निस्तारण के दौरान 40.84 करोड़ रुपए कीमत के 23,206 किलो मादक पदार्थ नष्ट किए गए। वहीं अवैध खनन, परिवहन और स्टॉक करने वालों के खिलाफ 750 प्रकरण दर्ज कर 1340 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 9191 टन खनिज (बजरी, पत्थर, गारनेट, क्वार्ट्ज, फेल्सपार) जब्त किए और 1104 वाहन सीज किए। धारा 68 एफ के तहत चार तस्करों की 2.22 करोड़ रुपए की संपत्ति सीज की गई, जबकि धारा 107 बीएनएस के तहत 13 अपराधियों की 47.13 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई। गुंडा एक्ट में 14 तड़ीपार और राजपासा एक्ट में 4 निरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके साथ ही इनामी अपराधियों की धरपकड़ में कुल 226 गिरफ्तारी की गई। एसपी यादव ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।