भाजपा विधायक ने जाति पूछकर हाथ खड़े करवाए, VIDEO:फिर बोले- यहां हिंदू कितने हैं; सरपंच से पूछा- कितने साल पहले मुस्लिम बने
बाड़मेर में धन्यवाद सभा में आए पोकरण से भाजपा विधायक और तारातरा मठ के महंत प्रतापपुरी ने महाबार गांव के मुस्लिम सरपंच से पूछा- कितने साल हुए मुस्लिम बने हुए को। इस पर सभा में से आवाज आई 15 साल हो गए। ये जवाब सुनकर प्रतापपुरी ने कहा- ये भारत देश है यहां पुनर्विचार की सुविधा है, यहां वापसी भी होती है और सम्मान भी होता है। इस पर सरपंच हंस पड़े और बोले- ऐसा है तो फिर से विचार करने पड़ेगा। इस पर सभा में आए सभी लोग हंस पड़े। इससे पहले विधायक ने जाति पूछकर लोगों से हाथ खड़े करवाए। इसके बाद हिंदू कितने हैं पूछा तो सभी हाथ खड़े कर दिए। तब प्रतापपुरी ने कहा- यही आपकी पहचान है। दरअसल, पंचायती राज पुनर्गठन और सीमांकन के बाद बुधवार को ग्रामीणों और सरपंच ने महाबार गांव में धन्यवाद सभा का आयोजन किया था। विधायक ने जाति पूछकर हाथ खड़े करवाए धन्यवाद सभा में अपने भाषण में प्रतापपुरी ने कहा- मैं इस जाजम पर परीक्षण करना चाहता हूं, उस परीक्षण में एक बड़ा संदेश देकर मैं अपनी बात समाप्त करूंगा। आप में से राजपूत कितने बैठे हैं हाथ खड़े कीजिए। इस पर 15 से 20 लोग हाथ खड़े करते हैं। इस पर प्रतापपुरी कहते हैं- क्षत्रियों की पहले भी आवश्यकता थी और अब भी आवश्यकता रहेगी। इसके बाद पूछते हैं- जाट समाज के कितने लोग बैठे हैं, हाथ खड़े कीजिए। एक हाथ खड़ा होने पर प्रतापपुरी ने कहा- एक भी लाख के बराबर है। इसके बाद मेघवाल समाज, भील समाज के लोगों से हाथ खड़े करवाए। इसके बाद प्रतापपुरी ने कहा- अपने-अपने समाज के नाम ले लो.... रबारी, जांगिड़, नाई, तेली समाज… इसके बाद प्रतापपुरी कहते हैं- इसमें क्या हुआ? जिसमें 50 हाथ खड़े हुए उनके चेहरे खिल गए, जिसके 2 हाथ खड़े हुए तो इधर-उधर देखने लगे। हमारे कितने लोग आए। विधायक बोले- हिंदू कौन है, हाथ उठाएं प्रतापपुरी ने कहा- अब हिंदू समाज के कितने लोग आए हैं, वो हाथ खड़े करो। इसके बाद सभी लोग हाथ खड़े करते हैं। इस पर प्रतापपुरी कहते हैं कि यही आपकी पहचान है...यह मत खोना। इसी प्रकार एक ही जाजम पर बैठे रहे तो हिंदुस्तान को रोकने वाली दुनिया में कोई ताकत नहीं है। आपको यही समझना है कि जातिवाद, परिवारवाद, पार्टीवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद के साथ खड़ा होकर रहना है। मुस्लिम सरपंच से बोले- चौधरी के पास जाओ तुरंत न्याय मिलेगा प्रतापपुरी ने कहा- यहां मुसलमान भी एक-दो बैठे हैं, जो हमारे सरपंच हैं। इनसे पूछा कि कितनी पीढ़ी पहले वो क्या थे। इसके बाद प्रतापपुरी ने महाबार सरपंच फोटा खान से पूछा- कितनी पीढ़ी हुई है मुसलमान बने हुए को। इस दौरान सभा में बैठे लोगों में से कोई बोला- 15 साल हुए हैं। तब प्रतापपुरी ने कहा- सही न्याय करवाना है तो जाट के पास चले जाओ। सरपंच को 15 साल हुए हैं, उससे पहले हिंदू ही था। चौधरी तुरंत न्याय करते हैं। जोधपुर दरबार का भी न्याय करवा दिया था। हम तो क्या हैं। मुसलमानों को विचार करने पड़ेगा, उन्हें कन्वर्ट करके रखा प्रतापपुरी ने कहा- मुसलमानों को फिर से विचार करना ही पड़ेगा। यह देश भारत है। इसमें पुनर्विचार करने का मौका मिलता है और पुनर्विचार करने पर सम्मान भी मिलता है। घर वापसी करने वालों को मान और सम्मान मिलता है। इसलिए यहां के जो मुसलमान हैं, वो पुराने मुसलमान नहीं है। परिस्थिति उनके सामने खड़ी हुई। उनके सामने आतताइयों की तलवारें चली। उन्होंने हमारे हिंदुओं को कन्वर्ट करके रखा। वो मुसलमान भी भारत के नागरिक हैं। यहां जन्मे हैं, इनके पुरखे यहां के हैं। यहां पर खाया और पीया है। वो भी राष्ट्रवाद के लिए खड़े हाेंगे। भले हम मुसलमान हो, लेकिन हिंदुस्तान के मुसलमान हैं। विधायक ने कहा- देश के लिए जी जान देने का भाव पैदा करना पड़ेगा। लेकिन आप सबसे निवेदन करना चाहता हूं कि व्यक्तिवाद, जातिवाद, पार्टीवाद से उठकर राष्ट्रवाद को खड़ा करना पड़ेगा। तब आपको कोई रोक नहीं पाएगा।